पटना/पूर्वी चंपारण। बिहार में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के उद्देश्य से शुरू की गई समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्वी चंपारण का दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में कुल 172 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने 34 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 40 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया, जबकि 138 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 30 योजनाओं का उद्घाटन किया। यात्रा के दौरान उन्होंने मोतिहारी स्थित महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में स्थापित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निरीक्षण किया और वहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके प्रशिक्षण एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मंजुराहा गांव में पुल निर्माण कार्य सहित अन्य विकास योजनाओं की प्रगति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ तेजी से पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य के नागरिकों के जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से सात निश्चय–03 के तहत “सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम लागू किया गया है, जिससे आमजन को सरकारी सुविधाओं का लाभ सुगमता से मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि बिहार निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और आने वाले पांच वर्षों में विकास की गति और तेज होगी।
समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने मोतिहारी के गांधी मैदान में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में भी भाग लिया और लोगों को संबोधित किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट