पूर्णिया में उत्पाद विभाग की टीम पर बीती देर रात चाकू से हमला किये जाने की खबर है। इस हमले के दौरान शराब माफिया ने एक सिपाही को चाकू घोंप दिया और टीम के बाकी सदस्यों पर हमला कर दिया। बताया गया कि उत्पाद विभाग की टीम गुप्त सूचना के आधार पर अवैध शराब की जब्ती के लिए छापेमारी करने गई। इसी दौरान शराब माफियाओं द्वारा चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में जहां एक सिपाही बुरी तरह जख्मी हो गया, वहीं कुछ अन्य सिपाही चोटिल हो गए। घटना पूर्णिया नगर थाना क्षेत्र के झील टोला की है। बुरी तरह जख्मी सिपाही की हालत नाजुक बताई जाती है और उसका असपताल में इलाज किया जा रहा है।
इस घटना के बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए मौके से एक शख्स को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार उत्पाद टीम पर हमले में स्थानीय लोगों ने भी शराब माफिया का साथ दिया। इसको लेकर पुलिस अब हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई कर रही है। बताया जाता है कि सिपाही के सीने और हाथ पर चाकू से हमले किए गए। जख्मी सिपाही का पूर्णिया के जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है जहां उसकी स्थिति काफी गंभीर है। घटना बीती देर रात की है। गंभीर रूप से जख्मी उत्पाद सिपाही की पहचान 26 वर्षीय शुभम कुमार के रूप में हुई है जो मूल रूप से शेखपुरा जिले के सिरारी थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
पूर्णिया के सहायक उत्पाद आयुक्त नीरज कुमार ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि झील टोला इलाके में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण किया जा रहा है। सूचना की सत्यता की जांच और कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग की एक विशेष टीम गठित की गई। जैसे ही टीम झील टोला के चिह्नित स्थान पर पहुंची और एक घर की घेराबंदी कर तलाशी लेनी शुरू की, वहां मौजूद असामाजिक तत्वों ने प्रतिरोध शुरू कर दिया। लेकिन टीम अपनी कार्रवाई करती रही। इसी के बाद माफिया और उसके लोगोंं ने उत्पाद टीम पर चाकू से वार करना शुरू कर दिया।