अरवल – सात निश्चय-3 के अंतर्गत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ पहल के तहत प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को आमजनों की शिकायतों की सुनवाई मुख्य सचिव, बिहार सरकार, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के आलोक में बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान” के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला प्रशासन, अरवल द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैस, भा०प्र० से० के आदेशानुसार प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में आम नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस व्यवस्था के अंतर्गत समाहरणालय एवं उससे संलग्न सभी कार्यालयों, क्षेत्रीय एवं तकनीकी विभागों, प्रखंड, अंचल, थाना तथा पंचायत स्तर के सभी पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर आम लोगों से सीधे मिलेंगे तथा उनकी शिकायतों को सम्मानपूर्वक, संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए त्वरित एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करेंगे। यदि किसी अपरिहार्य कारणवश संबंधित कार्यालय प्रधान उपस्थित नहीं रह पाते हैं, तो उनके स्थान पर उनके द्वारा अधिकृत पदाधिकारी आम जनता से मिलने एवं शिकायतों के निस्तारण की जिम्मेदारी निभाएंगे।
वहीं, जिन पदाधिकारियों के पास एक से अधिक विभागों ,कार्यालयों का प्रभार है, वे सुविधानुसार समय निर्धारित कर सभी संबंधित कार्यालयों में उपस्थित होकर जनता से संवाद स्थापित करेंगे। साथ ही, सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, शौचालय सहित आवश्यक बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। प्राप्त शिकायतों के पंजी का संधारण किया जाएगा तथा उनके सतत अनुश्रवण की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन का यह कदम प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, सुदृढ़ एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे आम नागरिकों की दैनिक समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट