नवादा : जिला अधिवक्ता संघ तदर्थ कमिटी की मनमानी से अधिवक्ता परेशान हैं। राज्य अधिवक्ता संघ द्वारा बार बार चुनाव कराने के आदेश के बावजूद चुनाव नहीं करायी जा रही है। और तो और वकालतनामा से लेकर हाजिरी तक के शुल्कों में बगैर आमसभा में पारित कराये मनमानी तरीके से शुल्क में वृद्धि कर दी गयी। ऐसे में गरीबों के लिए न्याय काफी महंगा साबित हो रहा है।
ऐसे में संघ से जुड़े अधिवक्ताओं ने संघर्ष का रास्ता अख्तियार करने का मन बनाया है। संघर्ष के पूर्व अधिवक्ताओं को विश्वास में लेने की परंपरा पूर्व से चली आ रही है। परंपरा टूटे नहीं इसका हरसंभव प्रयास आरंभ कर दिया गया है।
जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व महासचिव संत शरण शर्मा ने अधिवक्ताओं की आमसभा 24 जनवरी को आहूत की है जिसकी सूचना व्यक्तिगत संपर्क कर उपलब्ध करायी जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट