नवादा : एक बांग्लादेशी घुसपैठिया पहले असम के रास्ते भारत में घुसा। इसके बाद उसने सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर अपनी नकली आईडी बनाई। फिर उसने नवादा की एक लड़की को झांसे में लिया और फरार हो गया। लड़की तो पुलिस को मिल गई लेकिन घुसपैठिया गायब हो गया। पूरा मामला किसी फिल्म स्क्रिप्ट से कम नहीं।
पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया, ‘घुसपैठिया आशिक’
जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को प्रेम जाल में फंसाकर अपहरण करने के आरोपी जहीरुल इस्लाम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कौआकोल पुलिस ने उसे नवादा के 3 नंबर बस स्टैंड से पकड़ा और जेल भेज दिया। गिरफ्तारी की पुष्टि थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह ने की है।
बांग्लादेश से आकर लड़की फंसाई
मामला जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के पाली गांव का है, जहां 14 वर्षीय नाबालिग लड़की इंस्टाग्राम के जरिए जहीरुल इस्लाम के संपर्क में आई थी। जहीरुल इस्लाम, जो बांग्लादेश के हारमुज अली का बेटा बताया जाता है, ने धीरे-धीरे लड़की को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया।
इसके बाद जहीरुल इस्लाम नवादा पहुंचा और लड़की को वहीं बुलाकर अपने साथ फरार हो गया। दोनों असम के नागांव जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास एक इलाके में रहने लगे। बताया जाता है कि जहीरुल इस्लाम का नाम उस क्षेत्र के थाने में बांग्लादेशी घुसपैठियों की सूची में दर्ज है। नाबालिग लड़की के गायब होने के बाद, उसके परिजनों ने 18 फरवरी 2025 को कौआकोल थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने लड़की की बरामदगी के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
लड़की मिल गई थी, लेकिन घुसपैठिया हो गया था गायब
लगभग आठ महीने की तलाश के बाद, कौआकोल पुलिस ने 15 अक्टूबर 2025 को नाबालिग लड़की को असम के नागांव जिले के कछुआ थाना क्षेत्र के खेरनी मजगांव में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास एक झुग्गी-झोपड़ीनुमा घर से बरामद किया। न्यायालय में बयान दर्ज कराने के बाद लड़की को उसके परिजनों को सौंप दिया गया था। लड़की की बरामदगी के बाद से ही पुलिस आरोपी जहीरुल इस्लाम की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी, जिसमें अब सफलता मिली है।