बिहार को अभी भी हाड़ कंपाने वाली ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतर भागों में शीत दिवस के साथ सर्द हवा चलने से ठिठुरन की स्थिति बनी रहेगी। कहा गया कि मकर संक्रांति तक कोहरा और शीत दिवस का यह ताजा दौर चल सकता है। मौसम विभाग ने आज गुरुवार से अगले 24 घंटों के लिए कोल्ड-डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बिहार के कई जिलों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश से आ रही बर्फीली पछुआ हवाओं ने पूरे बिहार को अपनी आगोश में ले लिया है। इससे राज्य के सभी 38 जिलों में पारा 10 डिग्री के नीचे लुढ़क गया है। राजधानी पटना में कोहरे का कहर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। गुरुवार सुबह पटना में विजिबिलिटी घटकर मात्र 50 मीटर रह गई। कई इलाकों में ओस की इतनी सघनता थी कि सड़कों पर बारिश जैसा अहसास हुआ। कोहरे की मार विमान सेवा और ट्रेनों पर भी पड़ी है।
कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सबसे ठंडा जिला भागलपुर रहा जहां का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गया, छपरा, शेखपुरा और किशनगंज में पारा 7 डिग्री तक पहुंच गया। राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में ओस की बूंदें भी बारिश की तरह गिरती नजर आई। इस वजह से हवाई सफर भी प्रभावित रहा। पटना एयरपोर्ट पर कम दृश्यता के कारण 5 जोड़ी उड़ानें रद्द कर दी गई, जबकि 22 फ्लाइट्स विलंब से उड़ी। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी के कारण बर्फीली हवाएं सीधे मैदानी राज्यों की ओर आ रही हैं। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि अगले 24 घंटों में बिहार के कई जिलों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी। इससे धूप निकलने के बावजूद लोगों को ठिठुरन महसूस होगी।
बताया जाता है कि अगले 3 से 4 दिनों तक राहत की कोई उम्मीद नहीं है। ठिठुरन इस कदर बढ़ गई है कि जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पटना सहित कई जिलों में धूप तो निकल रही है, लेकिन उसमें गर्माहट महसूस नहीं हो रही.मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि खुले मैदानों, हाईवे और खेतों के आसपास ठंड का असर शहरों के मुकाबले कहीं अधिक रहेगा। राज्य के कई हिस्सों में 20 से 30 किमी/घंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं चलने की संभावना है। IMD ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को घर से बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी हैमौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को मौसम बाहर निकलते समय कान और छाती को पूरी तरह ढक कर रखने की सलाह दी है।