पूर्णिया : जिले में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए पूर्णिया पुलिस ने एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 6 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह गिरोह न केवल बाइक चोरी करता था, बल्कि उनके पुर्जे अलग कर या पहचान मिटाकर उन्हें बाजार में ठिकाने लगाता था।
पुलिस अधीक्षक (SP) स्वीटी सेहरावत ने प्रेस वार्ता कर बताया कि चंपानगर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी अनुसंधान और त्वरित छापेमारी के बाद पुलिस को यह बड़ी सफलता हाथ लगी है। जांच में इस गिरोह के काम करने के तरीके का सनसनीखेज खुलासा हुआ है।
उन्होंने बताया कि अपराधी भीड़भाड़ वाले इलाकों में रेकी करते थे और मास्टर चाबी का उपयोग कर पलक झपकते ही बाइक उड़ा ले जाते थे। और सभी चोरी की गई बाइक को विजय साह, राजीव कुमार और संतोष यादव के गैराज में ले जाया जाता था। पहचान मिटाने के लिए बाइकों के चेचिस और इंजन नंबर घिस दिए जाते थे ताकि उन्हें ट्रैक न किया जा सके। उसके बाद बाइक को या तो पूरी तरह या फिर उसके पार्ट्स अलग-अलग बेच दिए जाते थे।
उन्होंने बताया कि गिरोह के 6 नीरज साह, राजा साह, संतोष कुमार, विजय कुमार, रोहित कुमार और राजीव कुमार को गिरफ्तार किया गया है। उसके बाद “इस गिरोह के मुख्य सरगना की तलाश में छापेमारी जारी है। श्रीनगर और चंपानगर थाना के एसएचओ समेत टेक्निकल टीम ने इस मामले के उद्भेदन में सराहनीय भूमिका निभाई है।”