नवादा : बिहार पुलिस नये साल में वैज्ञानिक अनुसंधान पर फोकस कर रही है जिसमें साक्ष्यों की उपयोगिता अहम है। लिहाजा साक्ष्यों को सुरक्षित करना पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण टास्क है ताकि अपराध का अनुसंधान सही दिशा में हो और तत्काल उद्भेदन किया जा सके। साथ ही अपराधियों को ससमय सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
इस नीति की सफलता और नये कानून में फॉरेंसिक जांच के महत्व की प्रधानता के आलोक में एसपी अभिनव धीमान ने अपराध स्थल उपकरण किट का वितरण किया। पुलिस लाइन में आयोजित वितरण समारोह में एसपी ने सभी थानों को किट वितरित किया। थानाध्यक्षों अथवा अपर थानाध्यक्षों द्वारा किट रिसिव किया। इस मौके पर एसपी ने किट की उपयोगिता व इसके उपकरणों के उपयोग की थानाध्यक्षों को जानकारी दी।
घटनास्थल को सुरक्षित रखने में मदद
किट में घटनास्थल की घेराबंदी करने अथवा सुरक्षित करने वाला टेप है। जिससे घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्यों को मिटाने से बचाया जा सकेगा। किट में एक कम्पास है, जिसका उद्देश्य दिशा का ज्ञान कराना है ताकि जंगल आदि सुनसान इलाके में दिशा का पता चल सके। वहीं इसमें लेजर डिजिटल मीटर है, जिससे दूरी मापी जा सकेगी।
किट में एक स्प्रे पाउडर है,जिससे बॉडी आदि के चारों ओर स्प्रे कर स्केच बनाया जा सकेगा। इसमें एक मिजरमेंट स्केल व एक क्राइम सीन मार्कर के अलावा कई उपयोगी उपकरण हैं जिसका उद्देश्य फॉरेंसिक टीम के घटनास्थल पर पहुंचने तक सबूतों को नष्ट होने से बचाने व वैज्ञानिक व निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना आसान हो सकेगा।
भईया जी की रिपोर्ट