महाराष्ट्र के अकोला जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। कांग्रेस के दिग्गज नेता और महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष हिदायत पटेल की बेरहमी से हत्या कर दिये जाने की सूचना है। उन पर अकोट तालुका के उनके पैतृक गांव मोहाला में एक मस्जिद के बाहर एक युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। इस हमले में हिदयत पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान आज बुधवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध शख्स को गिरफ्तार किया है। हिदायत पटेल महाराष्ट्र में कांग्रेस का बड़ा चेहरा थे। उनका राजनीतिक कद काफी ऊंचा था। वे 2014 और 2019 में कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके थे, लेकिन दोनों बार हार गए। हिदायत पटेल 8 वर्षों तक जिला कांग्रेस अध्यक्ष रहे और वर्तमान में प्रदेश उपाध्यक्ष थे।
नमाज पढ़कर निकले थे, तभी हुआ हमला
जानकारी के अनुसार वारदात बीते दिन दोपहर करीब दो बजे के बाद हुई। हिदायत पटेल गांव की एक मस्जिद में दोपहर की नमाज अदा करने के बाद बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने उन पर घात लगाकर हमला किया। हमलावर ने उनके गले, पेट और चेहरे पर चाकू से कई वार किए। इस घातक हमले के बाद पटेल वहीं गिर पड़े। उन्हें खून से लथपथ हालत में एक निजी अस्पताल ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत वहां से अकोला के एक बड़े अस्पताल में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। हिदायत पटेल की मौत की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया है। सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुरानी रंजिश में हत्या अंजाम देने का शक
शुरुआती जांच में सामने आया है कि किसी पुराने व्यक्तिगत विवाद के चलते कांग्रेस नेता पर हमला किया गया। मामले के मुख्य आरोपी उबेद पटेल को पणज गांव से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि मई 2019 में लोकसभा चुनाव के बाद मोहाला गांव में एक राजनीतिक विवाद हुआ था। इस विवाद में भाजपा पदाधिकारी मतीन पटेल की हत्या हुई थी। इस हत्या के मामले में हिदायत पटेल समेत 10 लोगों पर मामला दर्ज था। कहा गया कि हिदायत पटेल पर चाकू से वार करने वाला आरोपी उबेद पटेल, मृतक मतीन पटेल का भतीजा है और उसने अपने चाचा की मौत का बदला लेने के लिए यह हमला किया। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन कर रही है। विदित हो कि हिदायत पटेल का सहकारिता क्षेत्र में भी बड़ा प्रभाव था। वे 25 वर्षों से जिला बैंक के डायरेक्टर है। साथ ही पिछले 35 वर्षों से वह जिले की महत्वपूर्ण अकोट बाजार समिति के पूर्व चेयरमैन और अभी डायरेक्टर हैं।