भागलपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। घरेलू विवाद में पति ने पहले अपनी पत्नी को जबरन तेजाब पिलाया, फिर उसके शरीर पर भी तेजाब उड़ेल दिया और उसके बाद खुद भी तेजाब पीकर आत्महत्या कर ली। इस वाकये में जहां पत्नी की हालत काफी गंभीर है, वहीं पति की मौत हो गई। परिवार वालों ने जख्मी हालत में पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया है। दंपत्ति के मासूम बेटे ने पुलिस को बताया कि पापा मम्मी को मारने के लिए दिल्ली से तेजाब लेकर आए थे। उन्होंने पहले मम्मी को जबरन तेजाब पिलाया और उसे एसिड से नहलाने के बाद खुद भी उसे पी लिया। इस खौफनाक घटना में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना भागलपुर औद्योगिक क्षेत्र थाना के रानी तालाब की है।
मृतक की पहचान 55 साल के दुलाल पोद्दार के रूप में हुई है जो दिल्ली में काम करता था। दो दिन पहले ही बीते वर्ष के अंतिम दिन वह दिल्ली से भागलपुर आया था। दुलाल की पत्नी पूनम रानी तालाब में स्कूल चलाती है। पुलिस के मुताबिक पति-पत्नी के बीच पहले भी कई बार विवाद हुआ था। दिल्ली से आने पर फिर उन दोनों के बीच झगड़ा हुआ। दुलाल ने गुस्से में पत्नी पर तेजाब से हमला कर दिया और उसे जबरन तेजाब पिला दिया। फिर उसने खुद भी तेजाब पीकर कमरे में अपने आपको बंद कर लिया। कमरे में ही वह तड़पतड़प कर मर गया। दुलाल और पूनम के छोटे बेटे आयुष ने बताया कि पापा दिल्ली में काम करते थे, मम्मी रानी तालाब में स्कूल चलाती हैं। आयुष ने पुलिस को बताया कि पापा को नशे की लत थी, इसी वजह से मम्मी से नहीं बनती थी।
मासूम आयुष ने आगे बताया कि लंबे समय से पापा दिल्ली में थे। नए साल में परिवार के साथ रहने के लिए वे भागलपुर आए थे। पापा ने मम्मी से कहा था कि मैंने शराब छोड़ दी है। आयुष ने बताया कि पापा रेलवे स्टेशन से 31 दिसंबर को घर आए। उन्होंने घर पर अपना बैग किसी को चेक नहीं करने दिया क्योंकि उन्होंने उसमें मम्मी को मारने के लिए दिल्ली से लाए तेजाब को छिपाकर रखा था। दोनों पति—पत्नी रानी तालाब के प्रेम नगर में किराए के मकान में रहते थे। मकान मालिक ने पुलिस को घटना की सूचना दी जिसके बाद मौके पर जांच शुरू की गई। फोरेंसिक टीम ने भी वहां पड़ताल की लेकिन दंपत्ति के बेटे ने अपने बाप की करतूत को पुलिस के सामने खोलकर रख दिया। फिलहाल गंभीर रूप से जख्मी पत्नी को वहां से रेफर करके पटना के एक अस्पताल में भर्ती करके इलाज किया जा रहा है।