बिहार के मुजफ्फरपुर में चचेरी बहन की शादी का विरोध करना जानलेवा साबित हुआ। उसकी पहले से शादीशुदा बहन ने अपने पहले पति को छोड़कर एक दूसरे समुदा के शख्स से दूसरी शादी कर ली थी। लड़की का चचेरा भाई इस शादी का विरोध कर रहा था। इसबीच बहन के दूसरे पति ने एक लाख रुपये में तीन शूटरों को सुपारी देकर युवक की हत्या करवा दी। पुलिस ने इस कांड में शामिल तीन शूटरों और मुख्य आरोपी लड़की के दूसरे पति बिलाल को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना मुजफ्फरपुर के औराई थानांतर्गत बलिया गांव की है।
बताया जाता है कि लड़की के दूसरे पति ने युवक की हत्या के लिए तीन शूटरों को एक लाख रुपये में सुपारी दी थी। जानकारी के अनुसार दो दिन पहले ही औराई थाना क्षेत्र के राजखंड उत्तरी पंचायत के बलिया गांव में स्थित मध्य विद्यालय के पास पीपल के पेड़ के पास 21 वर्षीय अर्जुन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस कांड के सिलसिले में पुलिस ने बीते दिन चारों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार अर्जुन कुमार, जो जगदेव पंडित का पुत्र था, मोबाइल दुकान से काम खत्म कर घर लौट रहा था। तभी अज्ञात अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। औराई पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर एफआईआर दर्ज की और एक विशेष टीम का गठन कर तकनीकी जांच शुरू की।
पुलिस ने महज 72 घंटे में इस हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए घटना में प्रयुक्त हथियार के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बलिया निवासी लक्ष्मी पंडित का पुत्र जितेंद्र कुमार और तीन शूटर शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह चौंकाने वाली है। अर्जुन की चचेरी बहन ने शादी के बाद अपने पहले पति को छोड़कर एक विशेष समुदाय के युवक से शादी कर ली थी। अर्जुन इस रिश्ते का विरोध करता था। इसी बात से नाराज होकर लड़की के दूसरे पति ने अर्जुन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। उसने जितेंद्र कुमार के साथ मिलकर तीन शूटरों को सुपारी दी। हत्या में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। फिलहाल सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।