-थाना गेट से बाहर केस डायरी में मदद के नाम पर ले रहे थे रिश्वत
नवादा : जिले में पुलिस महकमे में रिश्वतखोरी चरम पर है। ऐसा सिर्फ पुलिस विभाग में ही है नहीं कहा जा सकता। एक भी महकमा इससे अछूता नहीं है। लेकिन जब कोई रंगेहाथ पकड़ा जाता है तो पूरे समाज पर उंगली उठनी शुरू हो जाती है। ताज़ा मामला जिले के अकबरपुर थाना का है। थाने में कार्यरत जमादार प्रमोद कुमार को पटना से आये निगरानी विभाग की टीम ने देर शाम थाना गेट के बाहर 25 हजार रुपए रिश्वत लेते धरा दबोचा।
बताया जाता है कि केस डायरी में मदद करने के नाम पर सौदा तय हुआ था। सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तारी के लिए तीन दिनों से निगरानी की टीम थाने के बाहर चक्कर लगा रही थी। पहली जनवरी को गिरफ्तारी की तैयारियां थी, लेकिन नववर्ष के कारण पूरी राशि न होने का बहाना बना टाल दिया गया था।
बता दें इसके पूर्व एसपी अभिनव धीमान ने थाने में न केवल जनता दरबार लगाया बल्कि थाने का विधिवत निरीक्षण किया था। उनके जाते ही निगरानी विभाग ने रहस्यमय तरीके से जमादार प्रमोद कुमार को धर दबोचा तथा बगैर कोई अवसर प्रदान किये अपने साथ लेकर पटना के लिए रवाना हो गई। शनिवार को उन्हें निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट