जमुई में एक महिला द्वारा अपनी तीन मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा देने की खबर है। वाकये के बाद मौके पर ग्रामीण दौड़कर वहां पहुंचे और आनन-फानन में कुछ युवक कुएं में कूदे। सभी को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक दो मासूमों की मौत हो चुकी थी। इस घटना में बेहोशी की हालत में कुएं से निकाली गई महिला और एक बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वाकया सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत छप्परडीह गांव की है। बताया जाता है कि बीते दिन परिवार में झगड़ा हुआ था। बीती देर रात को घरेलु कलह से तंग आकर महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। मृतक दोनों मासूम भाई-बहन हैं, जबकि मां और एक बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृत बच्चों की पहचान आमीर (5 वर्ष) और आलिशा (7 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांव निवासी मो. शमशीर की पत्नी रुबिशा खातून ने अचानक यह खौफनाक कदम उठाया। वह अपनी दो बेटियों और एक बेटे को लेकर देर रात घर से निकली और पास के कुएं में छलांग लगा दी। घटना के वक्त किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। लेकिन थोड़ी देर बाद आसपास के लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचना शुरू किया। ग्रामीणों ने बिना देर किए कुएं में कूदकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी को कुएं से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक पांच वर्षीय आमीर और सात वर्षीय आलिशा की मौत हो चुकी थी। मां रुबिशा खातून और उनकी बड़ी बेटी की सांसें चल रही थीं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही सोनो थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और बच्चों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर मां ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। ग्रामीणों के अनुसार परिवार में पिछले कुछ समय से आपसी विवाद और तनाव चल रहा था।