अरवल -जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस द्वारा आज सोनभद्र वंशी सूर्यपुर प्रखंड अंतर्गत बखोरी बिगहा गाँव में अवस्थित राजकीय अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण विद्यालय में संचालित शैक्षणिक, आवासीय एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा तथा छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता का आकलन करने के उद्देश्य से किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा विद्यालय भवन की स्थिति, कक्षाओं की व्यवस्था, छात्रावास की स्वच्छता, पेयजल एवं शौचालय की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति, रसोई एवं भोजन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, शैक्षणिक वातावरण, शिक्षकों एवं कर्मियों की उपस्थिति, साथ ही छात्राओं को प्रदान की जा रही शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं का बिंदुवार निरीक्षण किया गया। छात्राओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों की भी जानकारी प्राप्त की गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया गया कि छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालय में पाई जाने वाली कमियों को शीघ्र दूर करने तथा सभी आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया। सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विद्यालय की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, अपर समाहर्ता रवि प्रसाद चौहान, जिला पंचायती राज पदाधिकारी विनोद कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट