जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव पर उनके ही जनशक्ति जनता दल के पूर्व प्रवक्ता संतोष रेणु यादव ने पटना के बेउर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। संतोष रेणु यादव ने मीडिया से कहा कि वह सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं। इस समय माधव सेवा अध्यक्ष के रूप में लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तेज प्रताप द्वारा उन्हें बदनाम करने और झूठे केस में फंसाने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि वे कानून में भरोसा रखते हैं और सच सामने आएगा। उधर तेज प्रताप यादव ने भी पटना के ही सचिवालय थाने में संतोष रेणु के खिलाफ धमकी देने और रंगदारी की मांग करने की एफआईआर दर्ज कराई है।
दूसरी तरफ तेजप्रताप यादव के खिलाफ शिकायत करने वाले संतोष रेणु यादव ने तेजप्रताप यादव द्वारा उनके खिलाफ सभी आरोपों को बेबुनियाद औऱ निराधार बताया। इतना ही नहीं संतोष यादव ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार भी लगाई है।इधर दोनों पक्षों की शिकायत सामने आने के बाद पटना पुलिस भी अलर्ट मोड में आ गई है। सिटी एसपी (पश्चिमी) पटना भानु प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों तरफ से लिखित आवेदन मिले हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में सनहा दर्ज कर लिया है और सभी आरोपों की निष्पक्ष तरीके से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तेज प्रताप की शिकायत के मुताबिक, संतोष रेणु यादव द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था और फोन कॉल के जरिए रंगदारी की मांग की गई। साथ ही उन्हें राजनीतिक और व्यक्तिगत रूप से नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई। दूसरी ओर, संतोष रेणु यादव ने भी पलटवार करते हुए बेऊर थाना में आवेदन देकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई हे। उन्होंने आरोप लगाया है कि राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। संतोष रेणु यादव का कहना है कि उन्हें झूठे आरोपों में उलझाकर बदनाम किया जा रहा है और उनकी जान को खतरा है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। इधर इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर पार्टी के अंदर ही इतना बड़ा विवाद कैसे खड़ा हो गया। अब पूरे मामले पर सबकी नजर पुलिस की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।