रोहतास में कोचस थाना क्षेत्र के गांव अमैसिडिहरा में बीती देर शाम समोसा उधार नहीं देने पर दो पक्षों के बीच भारी बवाल हुआ। इस दौरान विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी और दनादन फायरिंग होने लगी। इस फायरिंग और गोलीबारी में एक किशोरी समेत कुल 11 लोग जख्मी हो गए जिनमें आधे दर्जन लोगों को गोलियों के छर्रे लगे। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की शुरुआत एक युवक द्वारा एक दुकान पर उधार समोसा मांगने से हुई। जब दुकानदार ने उधार देने से मना किया, तो वह युवक गाली-गलौज करने लगा और दुकानदार से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन विवाद थमने के बजाय और बढ़ता चला गया।
कई राउंड फायरिंग से गांव में दहशत
दुकानदार की परिजन फूला देवी ने बताया कि गाली गलौज और मारपीट के बाद उधार में समोसा मांगने वाला युवक सत्येंद्र यादव अपने सहयोगियों और परिजनों के साथ दुबारा वहां लौटकर आया और गाली—गलौज तथा मारपीट करने लगा। इसे देखकर दोनों पक्ष के लोग गोलबंद होने लगे और शीघ्र ही दोनों पक्ष एक दूसरे पर टूट पड़े। हाथापाई के बाद घरों के छतों से ईट-पत्थर चलने लगे। इस बीच दोनों पक्षों की ओर से गोलीबारी भी शुरू हो गई। एक दर्जन चक्र चली गोलीबारी की घटना में गोली रमेश चौधरी की 14 वर्षीय पुत्री विभो कुमारी को जा लगी। कुछ अन्य लोगों को भी गोलियों के छर्रे लगे। अचानक चली गोलियों से पूरे गांव में दहशत फैल गई और लोग भाग-भागकर घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
छर्रे लगने से 6 गंभीर रुप से घायल
इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों से करीब 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों को गोली के छर्रे भी लगे हैं। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही कोचस थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलाल गांव में अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो। दोनों पक्षों से मिले आवेदन के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 16 लोगों को हिरासत में लिया है।