पटना : राष्ट्रीय गांधी शिल्प बाजार अपने आठवें दिन भी पूरे उत्साह और रौनक के साथ दर्शकों को आकर्षित कर रहा है। मेला समापन में अब मात्र दो दिन शेष हैं, ऐसे में लोग अधिक से अधिक खरीदारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। शिल्प बाजार में उड़ीसा से गोल्डेन ग्रास उत्पाद लेकर आईं कारीगर ज्योत्स्ना रानी रथ को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन दो से तीन हजार रुपये तक की बिक्री हो रही है, जिसे किसी भी शिल्प मेले के लिहाज से बेहतर आमदनी माना जा सकता है।
शाम पांच बजे आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकगायिका अनन्या प्रकाश की प्रस्तुति ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम से पूर्व बिहार संग्रहालय की उप निदेशक मोमिता घोष ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर बिहार संग्रहालय के अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा एवं उप निदेशक नंदगोपाल कुमार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन चेतन कुमार ने किया, जबकि मेले की छायांकन व्यवस्था प्रतिदिन की तरह रंजीत कुमार ने संभाली।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद अनन्या प्रकाश ने भगवान राम को समर्पित भजन ‘सिया जी के राम हे…’ प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर पूरा दर्शक दीर्घा राममय हो उठा और ‘जय श्री राम’ के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। इसके पश्चात उन्होंने भोजपुरी लोकगीतों — अमवा-महुइया के झुमे डलिया, पनिया के जहाज से, कोयल बिना बगिया ना शोभे राजा आदि की सशक्त प्रस्तुति देकर श्रोताओं को लोकसंस्कृति के रंग में रंग दिया।
लोकगायिका अनन्या प्रकाश : संक्षिप्त परिचय
पटना निवासी अनन्या प्रकाश एक चर्चित लोक एवं भजन गायिका हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने गांधी मैदान, पटना में आयोजित बिहार सरस मेला में प्रस्तुति दी थी, जिसके लिए तत्कालीन उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया।
वर्ष 2024 एवं 2025 में उन्होंने दूरदर्शन पटना, तथा वर्ष 2024 में आकाशवाणी पटना में अपनी प्रस्तुति दी है। इसके अतिरिक्त वे 2022 में मध्यप्रदेश महोत्सव और 2019 में जी बिहार-झारखंड (देवघर) में भी लोकगीतों की प्रस्तुति दे चुकी हैं। वर्ष 2019 से वे वेब म्यूजिक में सक्रिय हैं और उनका अपना यूट्यूब चैनल भी है, जिस पर 20 से अधिक भजन उपलब्ध हैं। उनके लाखों फॉलोवर्स और सब्सक्राइबर्स हैं। राष्ट्रीय गांधी शिल्प बाजार में शिल्प, संस्कृति और संगीत का यह संगम दर्शकों को लगातार आकर्षित कर रहा है।
प्रभात रंजन शाही की रिपोर्ट