अरवल – जिला पदाधिकारी अरवल, अमृषा बैंस द्वारा कार्यालय प्रकोष्ट में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में लगभग 32 परिवादियों के फरियाद को सुना गया। परिवादियों द्वारा भूमि विवाद, जमाबंदी, परिमार्जन, अतिक्रमण, नल जल योजना, मजदूरी, मुआबजा, दुर्घटना, राजस्व, बाल संरक्षण विभाग, अनुमंडल कार्यालय, सहकारिता विभाग, भूमि सुधार उप समाहर्ता, आईसीडीएस कार्यालय, उप विकास आयुक्त कार्यालय, शिक्षा विभाग, अंचलाधिकारी कार्यालय, थाना प्रभारी, पंचायती राज विभाग, परिवहन विभाग एवं अन्य विभागों से संबंधित मामले थे।
जनता दरबार में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश दिया गया कि जनता की समस्याओं का समाधान त्वरित और पारदर्शी तरीके से करें। परासी थाना स्थित ग्राम रामपुर वैना निवासी कमला देवी द्वारा बताया गया कि मेरे पति स्व० रविन्द्र शर्मा की वाहन दुर्घटना से करीब डेढ़ वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई है।
दुर्घटना से मिलने वाली राशि अबतक प्राप्त नहीं हुई है, राशि उपलब्ध करवाने की कृपा प्रदान की जाए। इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा अंचलाधिकारी अरवल को नियमानुसार आवश्यश्क कार्रवाई करने हेतु निदेशित किया गया। किंजर थाना स्थित ग्राम पुरैनिया निवासी रामेश्वर सिंह द्वारा बताया गया कि मेरे द्वारा द्वितीय अपील के तहत न्यायालय में दाखिल किया गया था कि पुरैनिया मौजा में सड़क के किनारे घर बनाकर अतिक्रमण किया जा रहा है, जिसमें अंचलाधिकारी को अतिक्रमण मुक्त करने हेतु आदेश पारित की गई थी, पर अबतक अतिक्रमण मुक्त नहीं किया गया है, अतिक्रमण मुक्त करवाने की कृपा की जाए।
इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा अंचलाधिकारी करपी को नियमानुसार आवश्यश्क कार्रवाई करने हेतु निदेशित किया गया। महेन्दिया थाना स्थित ग्राम वलीदाद निवासी सबाना खातुन द्वारा बताया गया कि मेरी बेटी सदफ प्रवीण जन्म से विकलांग है, जिसकी उम्र 08 वर्ष है। मैं गरीब परिवार के सदस्य हूँ तथा मेरे द्वारा आधार कार्ड एवं विकलांगता प्रमाण पत्र बनाने हेतु कई बार प्रयास किया गया पर अबतक नहीं बन रही है। जिसके कारण किसी तरह की सहायता राशि भी प्रदान नहीं किया जाता है। मेरी समस्या का समाधान करवाने की कृपा की जाए। इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग अरवल को नियमानुसार आवश्यश्क कार्रवाई करने हेतु निदेशित किया गया।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट