गयाजी जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है जिसमें शेरघाटी थाना इलाके के चांपी गांव में खलिहान में सो रहे दंपति की गला काट कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और कोहराम मचा हुआ है। मृतकों की पहचान 52 वर्षीय किसान प्रदीप यादव और उनकी वार्ड सदस्य पत्नी केसरी देवी के रूप में हुई है। केसरी देवी शेरघाटी नगर परिषद के वार्ड संख्या एक की वार्ड सदस्य बताई जाती हैं। बताया जाता है कि दोनों धान के खलिहान में बीती रात सोए हुए थे। इसी दौरान आधी रात के बाद बदमाशों ने धारदार हथियार से दोनों का गला काट दिया। ग्रामीणों ने आपसी विवाद में हत्या की आशंका जताई है।
जमीनी विवाद में हत्या की वारदात
मिली जानकारी के अनुसार प्रदीप यादव और उनकी पत्नी केसरी देवी रोज की तरह अपने खेत में खलिहान के पास धान की रखवाली करने के लिए वहीं पुआल की झोपड़ी बना कर सो रहे थे। जब से धान की फसल खलिहाल में आई थी, दोनों रात में उसकी रखवाली के लिए वहीं सो जाते थे। बताया जाता है कि देर रात करीब 1:30 बजे बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात अपराधियों ने दोनों पर तेज धारदार हथियार से हमला कर गला रेत दिया जिससे मौके पर ही पति-पत्नी की मौत हो गई। घटना की जानकारी उस वक्त सामने आई जब मृतक की बेटी रिंकी देवी ने रात करीब डेढ़ बजे अपने पिता को फोन किया। लेकिन किसी के द्वारा फोन नहीं उठाया गया। इसके बाद उन्होंने अन्य परिजनों को इसकी सूचना दी।
सुबह जब परिजन खलिहान पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। खाट पर दोनों पति—पत्नी के शव खून से लथपथ पड़े थे। सूचना फैलते ही गांव में मातम छा गया और लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस और एसडीपीओ शेरघाटी शैलेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह जमीन विवाद हो सकती है। मृतक की बेटी रिंकी देवी का कहना है कि उनके पिता का गांव में जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और इसी रंजिश में इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। इस दोहरे हत्याकांड से चाँपी गांव और आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई है।