बिहार में कनकनी बढ़ने के साथ ही ठंड और कोहरा दिन—ब—दिन बढ़ता जा रहा है। गनीमत है कि धूप हर दिन निकल रही है लेकिन साथ ही पछुआ हवा भी जोर पकड़ रही है। इससे ठंड कम नहीं हो रही और लोगों को सुबह भी ठिठुरन महसूस होने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने बताया कि पछुआ हवा की गति बढ़ने से समूचे राज्य में कनकनी महसूस हो रही है। राज्य के सभी जिलों में अगले तीन दिनों तक ऐसी ही स्थिति रहेगी। इसके बाद न्यूनतम तापमान में और भी गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने लोगों से हर हाल में सावधानी बरतने की अपील की है। आने वाले दिनों में प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की संभावना है और बारिश की कोई उम्मीद नहीं। अगले दो-तीन दिनों के दौरान सुबह और शाम के समय हल्के से मध्यम कोहरे की आशंका है।
किशनगंज में सबसे अधिक ठंड
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में किशनगंज सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे कम है। इसके अलावा कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह और देर रात ठिठुरन बढ़ गई है। पटना में दृश्यता 300 मीटर रही, जो राज्य में सबसे कम रही। वहीं, पूरे बिहार में कहीं भी बारिश नहीं हुई।
कहां, कितना तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी किए गए जिलों के तापमान के अनुसार, औरंगाबाद का 8.6 डिग्री सेल्सियस, अरवल का 10.9 डिग्री सेल्सियस, डेहरी का 10 डिग्री सेल्सियस, बक्सर का 10.2 डिग्री सेल्सियस, वैशाली का 10.4 डिग्री सेल्सियस, मुजफ्फरपुर का 12.6 डिग्री सेल्सियस, मोतिहारी का 13.4 डिग्री सेल्सियस, सुपौल का 13.1 डिग्री सेल्सियस, फॉरबिसगंज का 13.2 डिग्री सेल्सियस, पटना 13 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर 11.2 डिग्री सेल्सियस, मुंगेर 11.7 डिग्री सेल्सियस और कथिहार 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बेतिया (वाल्मीकिनगर) में 11 डिग्री सेल्सियस, मधुबनी में 11.8 डिग्री सेल्सियस, सहरसा 9.4 डिग्री सेल्सियस, शेखपुरा 9.6 डिग्री सेल्सियस, बेगूसराय 13.7डिग्री सेल्सियस, और नालंदा 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा। कई जिलों में तापमान में गिरावट दिखी, खासकर उत्तर बिहार में ठंड का प्रभाव ज्यादा देखने को मिला।