विधानसभा चुनाव से पहले खुलेआम लोगों के बीच नकद पैसा बांटना पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को महंगा पड़ गया है। आचार संहिता लागू होने के बावजूद उन्होंने लोगों के बीच जाकर नगद रूपये बांटे थे। अब इस मामले में उन्हें आयकर विभाग ने नोटिस भेज दिया है। पपपू यादव ने खुद अपने एक्स हेंडल पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। इसपर उन्होंने लिखा कि यदि बाढ़ पीड़ितों की मदद करना अपराध है, तो मैं यह अपराध सदैव करूंगा। इनकम-टैक्स नोटिस पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को राहत फंड बांटने को अपराध माना गया है। पप्पू यादव ने कहा कि अगर जरूरतमंदों की मदद करना अपराध है, तो वह हमेशा यह अपराध करने के लिए तैयार हैं।
पीड़ितों की मदद नहीं करता तो क्या देखता रहता
पप्पू यादव ने सवाल किया कि वैशाली ज़िले में नयागांव ईस्ट पंचायत के मनियारी गांव के बाढ़ पीड़ितों के घर और सामान गंगा में बह गए हैं। अगर मैंने उनकी मदद नहीं की होती तो क्या मैं गृह राज्य मंत्री या स्थानीय सांसद की तरह चुपचाप देखता रहता जो खुद को भावी CM उम्मीदवार बताने में व्यस्त हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को महागठबंधन में शामिल होने का न्योता देने वाले अपने बयान पर पप्पू यादव ने कहा कि बीजेपी उन्हें पीछे से धोखा दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक दबाव के बावजूद, गठबंधन नीतीश कुमार का सम्मान करता है और राज्य में उनकी लीडरशिप को महत्व देता है। मैं उन्हें इसलिए बुला रहा हूं क्योंकि बीजेपी उन्हें पीछे से धोखा दे रही है। बीजेपी उन्हें खत्म कर रही है। हमारे नेताओं ने हमेशा उनका सम्मान किया है। उन्हें पीछे से धोखा दिया जा रहा है।