नवादा : जिले में होने वाले दूसरे चरण के बिहार विधानसभा चुनाव नामांकन वापसी के साथ एकबार फिर दल बदल का सिलसिला आरंभ हो गया है। वारिसलीगंज विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश कुमार उर्फ मंटन सिंह से जबरन नाम वापस कराने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त विरोध देखा जा रहा है।
इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सह पूर्व जिला पार्षद आभा सिंह ने अपना समर्थन हिसुआ विधानसभा क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशी पूर्व विधायक अनिल सिंह को देने की घोषणा कर दी।
बता दें आभा सिंह पूर्व मंत्री स्व आदित्य सिंह की बहू व महागठबंधन प्रत्याशी नितू कुमारी की छोटी गोतनी है। गत चुनाव में उन्होंने अपनी बड़ी गोतनी के पक्ष में चुनाव प्रचार किया था। लेकिन चुनाव में जीत का परचम लहराने के बाद दोनों में आपसी मतभेद हो गया।
बहरहाल आभा के एनडीए को समर्थन देने से क्या लाभ व हानि होगा यह तो चुनाव बाद स्पष्ट होगा लेकिन हिसुआ विधानसभा क्षेत्र में आदित्य सिंह के विरासत को गहरा धक्का अवश्य लगा है।
भईया जी की रिपोर्ट