चुनावी गहमागहमी के बीच महागठबंधन के दो विधायकों ने कुछ ही घंटों के अंतराल पर अपनी विधायकी से इस्तीफा दे दिया है। इन दोनों नेताओं के BJP में शामिल होने की संभावना है। जानकारी के अनुसार इनमें से एक राजद के भभुआ सीट से विधायक भरत बिंद हैं और दूसरे रोहतास जिले के चेनारी से कांग्रेस विधायक मुरारी प्रसाद गौतम। इन दोनों विधायकों ने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को भेजा जिसे स्वीकार कर लिया गया है। दोनों ही विधायकों ने नीतीश कुमार सरकार का समर्थन किया था जिसके बाद उनके खिलाफ दलबदल की शिकायत विधानसभा में लंबित थी। अब चुनाव से ठीक पहले इन दोनों ने विधायकी छोड़ दी है। कहा जा रहा कि ये दोनों विधायक भाजपा में शामिल होकर पार्टी टिकट पर चुनाव लड़ना चाह रहे हैं।
भभुआ से RJD विधायक भरत बिंद ने कहा कि जनता की बेहतर सेवा करने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया है। उन्होंने हमेशा विकास की राजनीति की है। भभुआ की जनता के विश्वास को और मजबूत करने के लिए वह नया रास्ता चुन रहे हैं। भरत बिंद के इस तरह विधायकी और पार्टी छोड़ने से बिहार चुनाव से पहले आरजेडी को बड़ा झटका लगा है। सूत्रों के मुताबिक, भरत बिंद के भाजपा के टिकट पर आगामी चुनाव लड़ने की प्रबल संभावना है। 2020 में राजद के टिकट पर जीत दर्ज करने वाले बिंद ने 2010 में जिला परिषद चुनाव जीतकर अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था।
वहीं इस्तीफा देने वाले दूसरे विधायक कांग्रेस के मुरारी प्रसाद गौतम ने 2020 में कांग्रेस के टिकट पर दूसरी बार चेनारी सीट जीती थी। गौतम पर पहले नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के साथ सांठगांठ करने का आरोप लगा था। इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें विधायकी से अयोग्य ठहराने के लिए विधानसभा में याचिका दायर की थी। कहा जा रहा कि गौतम ने स्पीकर के फैसला लेने से ठीक पहले विधायकी से इस्तीफा दिया है। मुरारी प्रसाद गौतम चेनारी में एक प्रभावशाली स्थानीय नेता और पूर्व मुखिया स्वर्गीय महेंद्र राम के पुत्र हैं। इनके भी आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर मैदान में उतरने की संभावना है।