हरियाणा के सीनियर IPS अफसर और एडीजी वाईएस पूरन ने आज मंगलवार को अपने सरकारी आवास में खुद को गोली मार आत्महत्या कर ली। चंडीगढ़ पुलिस को प्रथमदृष्टया यह सुसाइड का मामला लग रहा है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। घटना की कोई वजह भी अभी सामने नहीं आई है और न मौके से कोई सुसाइड नोट मिला है। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट को मौके पर बुलाया है। घटना ADGP वाई पूरन कुमार के चंडीगढ़ सेक्टर 11 स्थित आवास पर हुई। एडीजी पूरन कुमार की पत्नी हरियाणा कैडर की आईएएस अफसर हैं और वह अभी मुख्यमंत्री नायब सिंह के साथ जापान दौरे पर हैं।
जानकारी के मुताबिक वरिष्ठ IPS अफसर ने अपने सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार दी। घटना आज सुबह दिन के 10—11 के बीच हुई। पुलिस दल और फोरेंसिक विशेषज्ञों को घटनास्थल पर भेजा गया तथा आगे की जांच की जा रही है।
घटना के वक्त पूरन कुमार की पत्नी और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमनीत पी. कुमार घर पर नहीं थीं। वह इस वक्त हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान में हैं। पूरन कुमार हरियाणा कैडर के एक सम्मानित अधिकारी थे और अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। जानकारी के मुताबिक वाई पूरण कुमार ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से आत्महत्या की है। उन्होंने सोमवार को अपने गनमैन से बंदूक ली थी। उनकी बेटी को यह बंदूक बेसमेंट में मिली।
बताया जाता है कि IPS अफसर पूरन कुमार ने अपने घर के बेसमेंट में जाकर खुद को गोली मारी है। उनका बेसमेंट साउंडप्रूफ है जिसके चलते गोली चलने की आवाज बाहर नहीं आई। काफी देर बाद उनकी बेटी ने नीचे जाकर देखा तो पिता की लाश वहां पड़ी हुई देखी। शव के पास में ही रिवॉल्वर भी पड़ी थी। इसके बाद बेटी ने शोर मचाया और फिर उसने पुलिस को सूचना दी। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार अभी पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज में बतौर एडीजीपी ट्रेनिंग तैनात थे। उनकी इस तरह अचानक मौत हो जाने की खबर से हरियाणा के पुलिस और प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।