बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए आज सोमवार को भाजपा ने प्रदेश चुनाव समिति और प्रदेश मेनिफेस्टो कमेटी का गठन कर दिया। जहां प्रदेश चुनाव समिति में पार्टी के 19 दिग्गज नेताओं को जगह दी गई है, वहीं मेनिफेस्टो कमेटी में 13 लोगों को शामिल किया गया है। प्रदेश चुनाव समिति में एक पदेन और तीन विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल हैं। राज्य चुनाव समिति में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, विजय सिन्हा, सम्राट चौधरी, राधामोहन सिंह, नंदकिशोर यादव, गिरिराज सिंह, रविशंकर प्रसाद, नित्यानंद राय, मंगल पांडेय, संजय जायसवाल, रेणु देवी, जनक चमार, प्रेम कुमार, प्रेम रंजन पटेल और बीएस दलसानिया को जगह दी गई है।
दूसरी तरफ मेनिफेस्टो कमेटी में भाजपा की ओर से जारी सूची में कुल 13 प्रमुख नेताओं और विशेषज्ञों को जगह दी गई है। इनमें पूर्व मंत्री प्रेम कुमार, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनन मिश्रा, डॉ. भीम सिंह, ऋतुराज सिन्हा, निवेदिता सिंह, देवेश कुमार, सुरेश रुंगटा, गुरु प्रकाश पासवान, अमृता भूषण, संतोष पाठक, अजीत चौधरी, प्रो. सीता सिन्हा और सुनील राम शामिल हैं। पार्टी का मानना है कि यह टीम बिहार के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिदृश्य को समझते हुए घोषणापत्र तैयार करेगी। इस घोषणापत्र में खास तौर पर रोजगार, बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य और शिक्षा पर जोर दिया जाएगा। भाजपा चाहती है कि बिहार में निवेश का माहौल बने और युवा राज्य से बाहर नौकरी खोजने की मजबूरी से मुक्त हों। इसके अलावा महिला सुरक्षा और किसानों के लिए राहत पैकेज जैसे मुद्दों को भी जगह दी जाएगी।
यह कहा गया कि 13 सदस्यों वाली मेनिफेस्टो कमेटी का मकसद आगामी चुनाव को देखते हुए अगले पांच वर्षों के लिए बिहार का विज़न डॉक्यूमेंट तैयार करना है। पार्टी का दावा है कि यह घोषणापत्र केवल औपचारिक दस्तावेज़ नहीं होगा, बल्कि जनता से सीधे संवाद कर उनकी राय पर आधारित रोडमैप बनेगा। भाजपा ने साफ किया है कि इस बार मेनिफेस्टो बनाने की प्रक्रिया जनता की भागीदारी से होगी। कमेटी राज्यभर में जाकर विभिन्न वर्गों से राय लेगी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भी सुझाव जुटाएगी। युवाओं, किसानों, महिलाओं और उद्यमियों से सीधे बात कर उनकी समस्याओं को वादों में शामिल करने की तैयारी है।