– ऐतिहासिक गांधी मैदान में चल रहे रामलीला महोत्सव और रावण दहन समारोह को लेकर प्रेस वार्ता
पटना : सनातन श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। गांधी मैदान में चल रहे 12 दिवसीय रामलीला महोत्सव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। वही इस बार विजयदशमी को लेकर भी खास तैयारी अंतिम चरण में है। यह बातें सोमवार को श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान कहीं। गांधी मैदान के मुख्य मंच पर हुई प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि इस बार के रामलीला महोत्सव में श्रद्धालुओं की उपस्थिति अभूतपूर्व है।
प्रशासन का भरपूर सहयोग
उन्होंने कहा कि पिछले 55 वर्षों से श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट की ओर से रामलीला महोत्सव और रावण दहन की परंपरा चली आ रही है। यह पहला मौका है जब इतने भव्य रूप में पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रामलीला महोत्सव हो रहा है। इसके पहले हर साल नागा बाबा ठाकुरबाड़ी में रामलीला होती थी।
उन्होंने कहा कि इस बार की विजयादशमी बेहद खास होगी। गांधी मैदान में 2 अक्टूबर को शाम 5.45 बजे 80 फीट ऊँचा रावण का पुतला जलाया जाएगा, जिसे आगरा के कलाकारों ने अलग वेशभूषा में विशेष रूप से तैयार किया है। इस बार आतिशबाजी भी शानदार होने जा रही है। उन्होंने कहा कि महोत्सव को सफल बनाने में प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय व श्री कृष्ण स्मारक विकास समिति और कला, संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार का सहयोग अतुलनीय है। खासकर आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, डीएम डॉ. त्याग राजन एसएम, एसएसपी कार्तिकेय शर्मा का सहयोग हमेशा याद रखा जाएगा।
आस्था चरम पर
चेयरमैन कमल नोपानी ने कहा कि रामलीला महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। प्रतिदिन संध्या 4:00 बजे से 6:00 तक भजन प्रतियोगिता सांस्कृतिक कार्यक्रम और शाम 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक वृंदावन के कलाकार रामलीला का मंचन कर रहे हैं। संयोजक मुकेश नंदन, महासचिव आर.सी. मल्होत्रा, उपाध्यक्ष सुषमा साहू, सुजय सौरभ, राजेश बजाज, कोषाध्यक्ष डॉ0 धनंजय कुमार, प्रिंस कुमार राजू, आशु गुप्ता, शिव गुप्ता, सुरेश मल्होत्रा, पूनम राज, आर्य नंदन, राहुल खंडेलवाल, विनीत केसरी, चंदन कुमार सहित दशहरा कमिटी ट्रस्ट के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
प्रभात रंजन शाही की रिपोर्ट