देश के मुख्य चुनाव आयुक्त अपनी टीम के साथ इसी हफ्ते के अंत तक बिहार आने वाले है। ऐसे में अनुमान है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान भी बहुत जल्द हो सकता है। भारत निर्वाचन आयोग की टीम जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भी शामिल हैं, इस हफ्ते के अंत में या अगले सप्ताह के शुरू में बिहार का दौरा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस दौरे के साथ ही बिहार में चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो जाएगी। अनुमान है कि बिहार में विधानसभा चुनाव कार्यक्रम दशहरा यानी 2 अक्टूबर और दीपावली यानी 19 अक्टूबर के बीच कभी भी घोषित हो सकता है।
दरअसल मौजूदा सरकार का कार्यकाल 22 नवंबर तक है। यानी उससे पहले नई विधानसभा का गठन हो जाना चाहिए। त्योहारी सीजन भी शुरू हो चुका है। ऐसे में इन सभी बातों को देखते हुए लग रहा है कि चुनाव कार्यक्रम का ऐलान बहुत जल्द कर दिया जा सकता है। बता दें कि पांच साल पहले यानी 2020 में तीन चरणों में बिहार विधानसभा चुनाव हुए थे। पहले चरण की वोटिंग 28 अक्टूबर को कराई गई थी। दूसरे चरण का मतदान 3 नवंबर और तीसरे चरण का मतदान 7 नवंबर को कराया गया था। माना जा रहा कि विशेष मतदाता पुनरीक्षण की अंतिम सूची 30 सितंबर तक प्रकाशित हो जाएगी। इसके बाद चुनाव की घोषणा जल्द कर दी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार अगले एक हफ्ते में देश के मुख्य चुनाव आयुक्त समेत सभी चुनाव आयुक्त पटना पहुंचेंगे। इस दौरान चुनाव आयोग की टीम राज्य में चुनावी तैयारियों का जायजा लेगी। यानी स्पष्ट है कि 30 सितंबर के बाद कभी भी चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है। इस बार चुनाव दो से तीन चरणों में कराने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक हलकों में अब सरगर्मी भी काफी बढ़ गई है। दलों ने अपने-अपने स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं और प्रत्याशी चयन को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं और इन सभी पर चुनाव कराए जायेंगे।