नवादा : जिले में बिहार विधानसभा चुनाव के पूर्व मतदाताओं द्वारा जनप्रतिनिधियों द्वारा पूर्व में किए गए वायदों की याद कराने के साथ विरोध आरंभ कर दिया है। ताजा मामला जिले के उग्रवाद प्रभावित सिरदला प्रखंड क्षेत्र के के भटोलिया गांव का है। ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया है। ग्रामीणों ने गांव में बड़े-बड़े पोस्टर लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया है।
आजादी के 75 साल बाद भी गांव में सड़क नहीं बनी है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क का निर्माण नहीं होगा, तब तक वे मतदान नहीं करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी है कि वोट मांगने आने वाले नेताओं का विरोध किया जाएगा। बरसात के मौसम में गांव की स्थिति और खराब हो जाती है। कीचड़ भरे रास्तों पर बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है। गर्भवती महिलाओं को खाट पर लादकर अस्पताल ले जाना पड़ता है।
गांव के बुजुर्ग बिरजू मांझी ने बताया कि कई बार नेताओं और अधिकारियों को आवेदन दिया गया। हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। युवा राजू कुमार ने बताया कि गांव के हर कोने में पोस्टर लगाए गए हैं। सोनू कुमार सोशल मीडिया पर भी इस मुहिम को चला रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि सड़क निर्माण की लिखित घोषणा की जाए। काम शुरू करने की तारीख तय की जाए। तब तक वे चुनाव का बहिष्कार जारी रखेंगे। मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
भईया जी की रिपोर्ट