नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश ने मत्स्य विभाग के पदाधिकारियों के साथ फुलवरिया जलाशय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलाशय में स्थापित केज एवं पेन आधारित मछली पालन की प्रगति का जायजा लिया। संयुक्त मत्स्य निदेशक श्री विपिन शर्मा ने बताया कि फुलवरिया जलाशय का कुल रकबा 574.24 हेक्टेयर है, जिसकी सुरक्षित जमा राशि ₹5,71,240 है। जलाशय का बंदोबस्ती कार्य कौशल कुमार के साथ खुली डाक प्रक्रिया के माध्यम से ₹39,97,000 प्रति वर्ष की दर से किया गया है।
फुलवरिया जलाशय में केंद्र प्रायोजित एवं राज्य योजनाओं के तहत अंगुलिकाओं का संचयन, केज का अधिष्ठापन एवं पेन का अधिष्ठापन किया गया है। पिछले एक वर्ष में यहां के उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जिसका मुख्य कारण अंगुलिकाओं का प्रभावी संचयन रहा है। वर्तमान में जलाशय में 136 केज एवं 4 पेन स्थापित किए गए हैं, जिनसे 200 टन अतिरिक्त मछली उत्पादन का अनुमान है। इसके साथ ही केज/पेन एवं जलाशय के रख-रखाव, सुरक्षा तथा मत्स्य प्रग्रहण कार्यों से लगभग 80 ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है।
निरीक्षण के दौरान जिला मत्स्य पदाधिकारी ने जिला पदाधिकारी को विभिन्न किस्म की मछलियों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी। निरिक्षण के दौरान संयुक्त मत्स्य निदेशक, अनुमण्डल पदाधिकारी रजौली, उप मत्स्य निदेशक, मगध परिक्षेत्र, गया, जिला मत्स्य पदाधिकारी-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी नवादा, जिला स्थापना प्रभारी नवादा, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी, मत्स्य प्रसार पदाधिकरी, अंचल पदाधिकारी रजौली, मत्स्य विकास पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट