सिवान के रघुनाथपुर थानांतर्गत पतार गांव के पुल के समीप घात लगाए अपराधियों ने पूर्व जिला पार्षद के भाई पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में संठी गांव निवासी 49 वर्षीय सुशील सिंह उर्फ मनोज कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सुशील सिंह को सीने में तीन गोलियां लगीं जिससे वे वहीं गिर पड़े। फायरिंग के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल सुशील सिंह को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर वहां हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सिवान सदर अस्पताल ले जाया गया। सिवान सदर अस्पताल में सीने में गोली लगने के कारण स्थिति नाजुक होने पर उन्हें आगे पटना रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रघुनाथपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। सिवान एसपी मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि घटनास्थल पर एफएसएल टीम भेजी गई है। साथ ही सर्विलांस और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि फायरिंग के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है लेकिन माना जा रहा कि पुरानी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया। इस बीच पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन की पत्नी हीना शहाब भी सुशील सिंह पर हमले की खबर सुन सिवान सदर अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों को जल्द पकड़ने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
बताया जाता है कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अंधेरा होने के कारण अपराधियों की पहचान नहीं हो पाई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही दरौंदा विधायक करनजीत सिंह उर्फ ब्यास सिंह भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित के परिजनों से मुलाकात की। डॉक्टरों के मुताबिक घायल सुशील सिंह को तीन गोलियां लगी हैं। विधायक ने कहा कि सिवान में लगातार हो रही आपराधिक वारदातों से यहां के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं और पुलिस इन घटनाओं को रोकने में नाकाम क्यों साबित हो रही है।