बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता अपने चरम पर है। इसी को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने सोमवार के लिए बिहार के सभी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। अरवल, भोजपुर, बक्सर, कैमूर और रोहतास जैसे जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, प्रदेश के दक्षिण और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका जताई गई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने बताया है कि सोमवार को राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर सभी जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर बिजली भी गिर सकती है।
इसके साथ ही मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि मंगलवार सुबह तक पूरे बिहार में भारी बारिश जारी रहेगी। इस दौरान सभी जिलों में येलो अलर्ट लागू रहेगा। रविवार को पटना समेत 10 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। अररिया में सबसे ज्यादा 32.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सुपौल में हल्की बूंदाबांदी हुई। मधुबनी में 43 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में उमस काफी बढ़ गया है। वाल्मीकि नगर में सबसे ज्यादा 33.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जबकि पूर्णिया में सबसे कम 24.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
मौसम विभाग ने आज सोमवार को राज्य के सभी 38 जिलों में बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा और वज्रपात की संभावना जताई है। इसमें उत्तर बिहार के सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, पूर्वी-पश्चिमी चंपारण से लेकर दक्षिणी और मध्य बिहार के पटना, गया, औरंगाबाद, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, मुंगेर, भागलपुर, बांका आदि जिले शामिल हैं। बताया जाता है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और मानसून की टर्फ लाइन के सक्रिय रहने से राज्यभर में झमाझम बारिश हो रही है। अगले 2-3 दिनों तक यह स्थिति बनी रह सकती है।