पटना से खबर है कि कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव चुन्नू सिंह लापता हो गए हैं। उनके भाई ने पाटलिपुत्र थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पिछले 72 घंटों से उनका कोई पता नहीं है और उनके सभी मोबाइल फोन बंद हैं। चुन्नू सिंह कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफी करीबी माने जाते हैं। उन्हें राहुल गांधी के युवा थिंक टैंक में शामिल नेता के रूप में गिना जाता है। वे बिहार में कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और इस समय एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव हैं। चुन्नू सिंह 11 अगस्त से लापता हैं और उनके चारों मोबाइल भी बंद हैं। पुलिस ने चुन्नू सिंह की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता चुन्नू सिंह गोपालगंज के रहने वाले हैं और पटना में किराए के घर में रहते थे। आगामी विधानसभा चुनाव में उनके कांग्रेस टिकट पर सिवान से चुनाव लड़ने की तैयारी थी। चुन्नू सिंह के परिजनों ने उनके साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को आवेदन दिया है। चुन्नू सिंह के भाई मोनू कुमार ने राजधानी के पाटलिपुत्र थाने में एक आवेदन देकर बताया है कि चुन्नू सिंह राजधानी के इंद्रपुरी इलाके में स्थित रोड नंबर 10 के एक मकान में पिछले तीन साल से किराए पर रह रहे थे। फिलहाल, पुलिस उनके मोबाइल फोन के आखिरी लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि वे हर संभव तरीके से चुन्नू सिंह का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
चुन्नू सिंह के भाई ने बताया कि वे बीते 11 अगस्त की रात से अपने किराए वाले मकान से निकलकर पाटलिपुत्र इलाके में ही स्थित द प्लाजा होटल में अपने मित्र शिवहर जिले के निवासी विपिन कुमार सिंह से मिलने गए थे। 12 अगस्त की सुबह 7:45 बजे के करीब वह अपने मित्र से मुलाकात के बाद होटल से यह कह कर निकले कि वह अपने घर गोपालगंज जा रहे हैं। इसके बाद वे अब तक वापस नहीं लौटे हैं और उनका कुछ पता नहीं चल रहा है। परिजनों ने यह भी बताया कि चुन्नु सिंह के पास 4 मोबाइल नंबर है। लेकिन उनका सभी नंबर स्विच ऑफ बता रहा है। पुलिस इस मामले में तकनीकी सेल की मदद ले रही हैे ताकि उनकी सटीक लोकेशन का पता लगाया जा सके। चुन्नू सिंह कांग्रेस संगठन में सक्रिय और लोकप्रिय युवा नेता माने जाते हैं।