Patna : मोकामा के पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पटना हाई कोर्ट ने मंगलवार को सोनू-मोनू गोलीकांड मामले में जमानत दे दी है। अनंत सिंह जनवरी 2025 से जेल में बंद थे। पंचमहला थाना कांड संख्या 05/2025 के तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले, इस केस में आरोपी सोनू को भी जमानत मिल चुकी है, जिसके बाद उसे भागलपुर जेल से रिहा कर दिया गया था। अब अनंत सिंह को भी जमानत मिलने के बाद उनके जेल से बाहर आने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
दरअसल, 22 जनवरी, 2025 को सोनू और मोनू ने अपने ईट भट्ठा पर मुंशी का काम करने वाले मुकेश सिंह पर कथित तौर से 68 लाख रुपए के गबन का आरोप लगाकर उनके घर में ताला लगा दिया था। जिसके बाद मुकेश ने अनंत सिंह से मदद की गुहार लगाईं, साथ ही पंचमहला थाना में सोनू-मोनू के खिलाफ FIR भी दर्ज कराया। इसके बाद अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ सोनू मोनू से बात करने नौरंगा गांव पहुँचे। उस दौरान दोनों पक्षों के लगभग सत्तर राउंड फायरिंग हुई।
इस दिन की गोलीबारी के बाद फिर से 23 जनवरी, 2025 को मुकेश के घर पर दुबारा गोलीबारी हुई। इसके बाद पुलिस ने मोनू को गिरफ्तार कर भागलपुर जेल भेज दिया। वही, गोलीबारी का एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसका आधार बनाकर पूर्व विधायक अनंत सिंह पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ। इसके बाद पूर्व विधायक अनंत सिंह ने पटना हाईकोर्ट का दरबाजा खटखटाया। आज उन्हें कोर्ट ने जमानत दे कर बड़ी राहत दी। अनंत सिंह वर्ष 2005 से लगातार मोकामा विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं। हालांकि, वर्ष 2022 में उनके अयोग्य ठहराए जाने के बाद से उपचुनाव जीतकर उनकी पत्नी नीलम देवी विधायक हैं।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट