झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन वेटिलेटर पर हैं। उन्हें करीब डेढ़ माह पूर्व तबीयत बिगड़ने और किडनी की समस्या के बाद दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। खबर है कि आज तड़के से ही अस्पताल में उनकी हालत काफी बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। सूत्रों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी कि शिबू सोरेन पिछले जून महीने से ही दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें जून के आखिरी हफ्ते में किडनी संबंधी समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार दिल्ली में रहकर अपने पिता की देखभाल कर रहे हैं। शिबू सोरेन को उनकी पुत्रवधू कल्पना सोरेन 19 जून को रूटीन चेकअप के लिए दिल्ली लाई थीं। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जाता है कि बीती देर रात से ही अस्पताल में उनकी हालत बिगड़ने लगी और सुबह तक काफी गंभीर हो गई। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा है। इस बारे में बात करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्रकारों से विश्वास जताया कि उनके पिता और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन अपने स्वास्थ्य की जंग उसी प्रकार जीतेंगे जिस प्रकार उन्होंने अपने जीवन में कई लड़ाइयों को जीता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी समेत कई प्रमुख नेताओं ने अस्पताल पहुंच कर उनका हालचाल लिया है।