Bihar crime : सोशल मीडिया पर रील्स बनाने की सनक में इंटर का एक छात्र चंद्रकांत साह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे मधुबनी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां ऑपरेशन कर गोली निकाली गई। डॉक्टरों ने उसकी हालत अब स्थिर बताई है। आरोपी के ऊपर जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया गया है। मामला मधुबनी जिले के झंझारपुर अनुमंडल के भैरवस्थान थाना क्षेत्र अंतर्गत काको गांव की है। पुलिस ने आरोपी और उसके पिता को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। घटना स्थल से पुलिस को खोखा और मैगजीन तो मिला, लेकिन पिस्टल की बरामदगी नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक, एक बंद कमरे में चंद्रकांत और उसका दोस्त सूरज प्रताप सिंह पिस्टल के साथ मोबाइल रील बना रहा था। उसी दौरान पिस्टल से अचानक गोली चल जाने से चंद्रकांत के गाल में जा लगी। आनन-फानन में उसे घायल अवस्था में मधुबनी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर के गोली निकाली। उसकी हालत अब स्थिर बताई है। घटना के बाद दरभंगा के नैनाघाट निवासी चंद्रकांत के पिता राम बाबू साह ने भैरवस्थान थाने में घटना के बारे में लिखित शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने सूरज प्रताप सिंह के पिता ब्रह्मदेव सिंह को शुक्रवार को ही गिरफ्तार किया। सूरज पर जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वह भी प्लस टू संतनगर स्कूल का इंटर छात्र है। पुलिस पूछताछ में सूरज ने कबूला कि उसने पांच महीने पहले नेपाल के जनकपुर में एक व्यक्ति से ₹15,000 में स्टार सेवन पिस्टल खरीदी थी। और वो कमरे में बंद होकर चंद्रकांत के साथ घर में फिल्मी स्टाइल में रील शूट कर रहा था, तभी गलती से ट्रिगर दब गया और हादसा हो गया। पुलिस को घटनास्थल से एक खाली कारतूस (खोखा) और एक भरा हुआ मैगजीन मिला है। लेकिन, अभी तक पिस्टल बरामद नहीं हो सकी है।