वैशाली के हाजीपुर में चोरी के आरोप में पकड़े गए एक आरोपी की पुलिस कस्टडी के दौरान मौत हो जाने के बाद हंगामा मचा हुआ है। आरोपी व्यक्ति बैधनाथ सहनी की पुलिस अभिरक्षा में हुई मौत से उसके परिजन भी सकते में हैं। परिजन आशंका जता रहे हैं कि पुलिस ने बैधनाथ सहनी की पिटाई की है और पिटाई से ही उनकी मौत हुई है। बैधनाथ सहनी कटहरा थाना क्षेत्र के किशुनपुर तिलौर गांव का निवासी बताया जाता है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार वाले सदर अस्पताल पहुंच गए और पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए वहां हंगामा करने लगे।
परिजनों ने बताया कि वैद्यनाथ साहनी को कटारा एवं गंगा ब्रिज थाना की पुलिस ने बीते दिन दोपहर में ट्रैक्टर चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया ट्रैक्टर भी बरामद किया गया। लेकिन अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। आनन—फानन में पुलिस ने वैद्यनाथ साहनी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टर ने वैद्यनाथ साहनी को मृत घोषित कर दिया।
कैदी की मौत के बाद पुलिस प्रशासन ने सदर अस्पताल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया है। इस संबंध में सदर-1 एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर चोरी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लाया गया था। उसके निशानदेही पर ट्रैक्टर भी बरामद किया गया। तबीयत खराब होने के बाद उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनकी मौत हो गई। मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव की पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।