नवादा : राष्ट्रीय लोक अदालत एवं स्थायी लोक अदालत का प्रचार प्रसार हेतु नवादा विधि महाविद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यकम को संबोघित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के बचाव प़क्ष के अधिवक्ता उमेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि मध्यस्तता विवादों को निपटाने की सरल एवं निष्पक्ष आधुनिक प्रक्रिया है। इसके द्वारा मध्यस्त अधिकारी दबाव रहित वातावरण में पक्षकारों के बीच के विवादों का निपटारा करते हैं और यह समझौता सभी पक्षों को मान्य होता है।
इस पद्धति के द्वारा बिना शुल्क के विवादों का जल्द से जल्द निपटारा होता है साथ ही पक्षकारों का समय भी नष्ट नहीं होता है। मध्यस्तता अधिकारी निष्पक्ष मध्यस्तता के लिए पूर्णतः प्रशिक्षित होते हैं। जहां दोनों पक्षों को साथ बैठाकर मध्यस्तता का कार्य किया जाता है। मध्यस्तता के नहीं होने से पक्षकारों को समय की बर्बादी, मानसिक एवं शारीरिक शांति भंग एवं धन की हानि, आपसी घृणा, झूठे अहम को बढ़ावा एवं असंतोष जैसी हानियॉं होती है। अदालत में व्यवसायिक विवाद का भी निपटारा मध्यस्तता के द्वारा किया जाता है।
स्थाई लोक अदालत की जानकारी देते हुए स्थाई लोक अदालत के सदस्य संजय कुमार भारद्वाज ने बताया कि जन उपयोगी सेवा से संबंधित वादों का निपटारा हेतु जिला में स्थायी लोक अदालत का गठन हो चुका है। इसमें वायू, सड़क, जल द्वारा यात्रियों का माल के परिवहन के लिए परिवहन सेवा, डाक, टेलीग्राफ, टेलीफोन सेवा, किसी स्थापना द्वारा जनता को दिये जाने वाले रौशनी, पानी की आपूर्ति, लोक स्वच्छता तथा स्वास्थ्य रक्षा की प्रणाली अस्पताल या डिस्पेंसरी में सेवा, बीमा सेवा, शैक्षिक व शैक्षणिक संस्थानों, आवास और भू-सेवा सम्पदा तथा बैंकिंग सेवाएं साथ ही अन्य सेवाएं जो जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित है जिसे केन्द्र या राज्य सरकार के द्वारा जनोपयोगी सेवाएं के अन्तर्गत अधिसूचित किया जाता है से सम्बंधित विवाद के लिये जन उपयोगी स्थाई लोक अदालत में शिकायत दर्ज कराने का प्रावधान है।
इस अदालत में कम ही समय में समस्याओं का निदान किया जाता है। उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, आशुतोष कुमार झा के निर्देश पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अन्य लोगों के साथ साथ विधि के छात्र भी मौजूद थे। इस सम्बंध में प्राधिकार के सचिव धीरेन्द्र कुमार पांडेय ने कहा कि जन उपयोगी सेवा से जुड़े स्थाई लोक अदालत में शिकायत दर्ज किया जा रहा है। अबतक आठ से अधिक मामलों को दर्ज कर विरोधी पक्षकार को नोटिस भेजा जा चुका है।
भईया जी की रिपोर्ट