पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा के मरांची थाना क्षेत्र में एक आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर उसके घरवालों ने हमला कर दिया। इस हमले में एक दरोगा, एक एएसआई समेत कुल तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिसकर्मियों पर जमकर पथराव किया गया जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने बताया कि धनंजय सिंह उर्फ पोलो सिंह को गिररफ्तार करने टीम पहुंची थी। छत से भागने के दौरान वो चोटिल हो गया। जिसके बाद उसके साथियों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। दारोगा आदर्श कुमार और सिपाही सुजीत कुमार के हाथ में गंभीर चोट लगी है।
जानकारी के अनुसार, मरांची थाना की पुलिस एक पुराने मामले (कांड संख्या 14/2025) के आरोपी धनंजय सिंह उर्फ पोलो सिंह को गिरफ्तार करने उसके घर गई थी। इसी दौरान आरोपी और उसका बेटा भागने के दौरान छत की रेलिंग से नीचे गिर पड़े। इस घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और उन्होंने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। परिजनों ने लाठी-डंडों से मारपीट की और पथराव शुरू कर दिया जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। हमले में दरोगा आदर्श कुमार, एएसआई शैलेंद्र कुमार सिंह एवं एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए।
तीनों को इलाज के लिए मरांची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर अभिलाषा कुमारी ने बताया कि एएसआई शैलेंद्र कुमार की हालत गंभीर है और उनके सिर में गहरी चोट आई है। मरांची थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान उसके परिजनों एवं समर्थकों ने पुलिस टीम के साथ हाथापाई, धक्का-मुक्की और पथराव किया। उन्होंने कहा कि मामले में हमलावरों की पहचान की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। फिलहाल पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा के मद्देनज़र अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।