सिवान के असाव थाना में तैनात एक होमगार्ड जवान ने खुद को सर्विस राइफल से गोली मार आत्महत्या कर ली। उसने सोमवार को ड्यूटी के दौरान थाना परिसर में ही अपनी रायफल से गोली मारी। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। गोली चलने की आवाज सुनते ही थाने पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी दौड़े हुए पहुंचे। लेकिन तब तक राजकुमार की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटन के बाद वरीय अधिकारी असाव थाना पहुंचे और जांच में जुट गए।
उच्च स्तरीय जांच के आदेश
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आत्महत्या का कारण पारिवारिक विवाद या मानसिक तनाव हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीवान के एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। इधर जैसे ही जवान द्वारा आत्महत्या की खबर उसके परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम और रोना—पीटना मच गया। मृतक की पहचान श्रीराम गोंद के 33 वर्षीय पुत्र राजकुमार गोंद के रूप में की गई है। बताया जाता है कि होमगार्ड का जवान दरौली थाना के टिकुलिया गांव का रहने वाला था। उसने राइफल से सिर में गोली मारकर आत्महत्या की है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां थीं, इन्होंने एक जिम्मेदार जवान को इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर किया। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि किस कारण होमागार्ड जवान ने ऐसा कदम उठाया यह जांच का विषय है। इस घटना ने थाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और जवानों की मानसिक स्थिति पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। इधर, होमगार्ड जवान राजकुमार गोंड की आत्महत्या से उनके परिवार और पुलिस विभाग में शोक की लहर है। सहकर्मियों का कहना है कि राजकुमार सामान्य रूप से अपनी ड्यूटी निभाते थे और कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया था। पुलिस ने उनके परिवार से संपर्क कर घटना की जानकारी दी और जांच में सहयोग मांगा है।