सासाराम रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाना से आज बुधवार को निगरानी की टीम ने 5 हजार रुपये घूस लेते एक दारोगा को गिरफ्तार कर लिया। दारोगा विजय कुमार सिंह पर थाने से ही बेल देने की एवज में एक पीड़ित व्यक्ति से 5000 की रिश्वत लेने का आरोप है। निगरानी डीएसपी के नेतृत्व में टीम ने उसे थाना परिसर से रंगे हाथों पकड़ा। जानकारी के अनुसार दारागा विजय कुमार सिंह ने एफआईआर में नामित व्यक्ति को थाने के स्तर से ही बेल देने के लिए 15 हजार रुपये की घूस मांगी थी। इसी डील के तहत आज पहली किश्त के रूप में दारोगा 5000 रुपए ले रहा था। जैसे ही दारोगा ने ये रुपए लिए, निगरानी विभाग की टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में दारोगा के पास से घूस में लिए गए रुपए भी बरामद हो गए। इसके बाद दारोगा को गिरफ्तार कर लिया गया।
भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी की इस कार्रवाई के बाद रेल थाना और पूरे रोहतास पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी में बताया गया कि रोहतास के संझौली की रहने वाली सहायक उत्पाद निरीक्षक बसंती कुमारी के पति पर सासाराम रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इसी मामले में दारोगा ने थाने से ही सहायक उत्पाद निरीक्षक के पति को बेल देने के लिए 15 हजार की रिश्वत डिमांड की। इसके बाद बसंती कुमारी ने निगरानी में दारोगा की शिकायत कर दी। इसके बाद निगरानी ने शिकायत की जांच कराई और इसे सत्य पाये जाने पर दारोगा को दबोचने के लिए जाल बिछाया।
और आज जैसे ही दारोगा ने पहले किश्त की 5000 की घूस ली, वैसे ही उसे दबोच लिया गया। हालांकि इस दौरान दारोगा ने संघर्ष भी किया लेकिन निगरानी टीम ने उसे काबू कर लिया और गिरफ्तारी के बाद उसे पटना ले गई।
विदित हो कि भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई राज्य में निरंतर जारी है। अभी दो दिन पहले ही निगरानी टीमों ने अलग-अलग जगहों तीन रिश्वतखोरों को गिरफ्तार किया था। पहली कार्रवाई वैशाली में लालगंज की प्रखंड विकास पदाधिकारी नीलम और उनके ड्राइवर के खिलाफ हुई। उन्हें 20 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया था। दूसरी कार्रवाई सिवान के लकड़ी नवी प्रखंड में राजस्व कर्मचारी गिरीश तिवारी के खिलाफ की गई। राजस्व कर्मी को 35 हजार की घूस के साथ गिरफ्तार किया गया था। गिरीश तिवारी सीवान जिला के लकड़ी नवीगंज प्रखंड में राजस्व कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे और उनके खिलाफ जमीन का काम कराने को लेकर अवैध वसूली की लगातार शिकायत मिल रही थी।