मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बुधवार को पटनावासियों को डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर की सौगात दी। उन्होंने इसका शुभारंभ करते हुए कहा कि अब इस इलाके से गुजरने वाले लोगों को जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। अशोक राजपथ पर बनी यह डबल डेकर सड़क कारगिल चौक से पीएमसीएच होते हुए सायंस कॉलेज तक जाएगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, मंत्री विजय चौधरी पथ निर्माण विभाग के मंत्री नितिन नवीन समेत कई अधिकारी मौजूद थे। बाद में सीएम ने इस पूरे कॉरिडोर का निरीक्षण भी किया। अशोक राजपथ जैसे व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक का सीधा समाधान होने से लोगों का अब काफी समय बचेगा और एनआईटी, पीएमसीएच और सायंस कॉलेज जैसे संस्थानों तक पहुंचने में काफी आसानी होगी।
देश की पहली डबल डेकर फ्लाईओवर
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मौके पर कहा कि पटना की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए लगातार काम हो रहा है। यह फ्लाईओवर इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। डबल डेकर फ्लाईओवर का यह प्रोजेक्ट न केवल आधुनिक शहरी परिवहन का उदाहरण है, बल्कि यह पटना की बुनियादी ढांचे को नई दिशा देने वाला एक मील का पत्थर भी है।
पथ निर्माण विभाग की ओर से बताया गया कि इस परियोजना का नाम गांधी मैदान–पीएमसीएच–अशोक राजपथ–साइंस कॉलेज डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर है। यह भारत का पहला दो लेन का डबल डेकर फ्लाईओवर है। 422 करोड़ के इस परियोजना का शुभारंभ 15 जनवरी 2022 को हुआ था। 31 मई 2025 को इसका निर्माण कार्य पूरा हो गया। हालांकि 10 प्रतिशत काम अब भी शेष बचा है जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
फ्लाईओवर के समानांतर 5.50 मीटर चौड़ी दो सर्विस लेन भी बनाई गई हैं, जिससे स्थानीय आवागमन सुगम होगा। यह फ्लाईओवर खासतौर पर पीएमसीएच अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए राहतदायक साबित होगा, जिन्हें अब जाम में फंसने की परेशानी नहीं होगी। यह कॉरिडोर गांधी मैदान से कृष्णा घाट और गंगा पथ को जोड़ेगा। साथ ही गायघाट, पटना सिटी और कच्चीदरगाह तक आसानी से लोग पहुंच पाएंगे।