समस्तीपुर से आज एक बड़ी खबर सामने आई जिसमें पेशी के लिए कोर्ट लाए गए पांच कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने फरार हुए पांच कैदियों में से एक को बाद में पकड़ लिया, लेकिन चार कैदियों का कुछ भी पता नहीं चला। जानकारी के अनुसार, पुलिस कैदियों को कोर्ट में पेशी के लिए लेकर पहुंची थी, तभी कोर्ट कैंपस परिसर में सिपाही से हाथ छुड़ाकर कुल पांच कैदी भागने लगे। हालांकि, तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक कैदी नागेंद्र कुमार को मौके पर ही दबोच लिया। कैदियों की फरारी की सारी घटना जिला न्यायालय और सदर कोर्ट हाजत के बीच रास्ते की है।
सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि पांच कैदियों को आज पेशी पर समस्तीपुर जिला न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था। न्यायालय से वापस आने के बाद कोर्ट हाजत के अंदर सभी को भेजा जा रहा था। उसी समय 5 कैदी हथकड़ी खोलकर कोर्ट परिसर से फरार हो गये। जैसे ही कैदी वहां से भागने लगे तभी कोर्ट में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने एक कैदी को खदेड़ कर पकड़ लिया। लेकिन बाकी चार कैदी भागने में सफल रहे। इस घटना के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर नगर थाना अध्यक्ष अपने दल बल के साथ कोर्ट परिसर पहुंचे। समस्तीपुर शहर और इससे बाहर जाने वाले रास्तों पर नाकाबंदी की तलाशी शुरू की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार फरार होने वाले 4 कैदियों में से तीन कैदी सरायरंजन थाना क्षेत्र में हुए एक लूटकांड के अभियुक्त हैं। ये सभी वैशाली और मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने सभी फरार कैदियों को पकड़ने के लिए छापेमारी अभियान शुरू किया है। बताया जाता है कि जब आर्म्स एक्ट में राजनंदन नाम के आरोपी को पेशी के बाद कोर्ट हाजत में बंद किया जा रहा था, तभी हाजत के अंदर से कैदियों ने पुलिस के जवानों को धक्का दिया। इसी क्रम में राजनंदन समेत 4 कैदी भागने में सफल रहे। मौके पर समस्तीपुर एसपी और सदर डीएसपी समेत भारी मात्रा में पुलिस पहुंची है। सदर डीएसपी ने कहा कि कैदियों की फरारी में जिन भी पुलिस वालों की लापरवाही होगी, उनपर कार्रवाई की जाएगी।