छपरा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के प्रभुनाथ नगर में अपराधियों ने गोदरेज शोरूम के मालिक अमरेंद्र सिंह और उनके करीबी शंभू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना तब हुई जब अमरेंद्र सिंह अपने शोरूम से उमा नगर स्थित अपने घर जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आपसी रंजिश या जमीन विवाद को घटना का कारण मान रही है। मृतकों की पहचान छपरा शहर स्थित हरी मोहन गली निवासी गोदरेज शोरूम के मलिक सह अंतराष्ट्रीय स्वयं सेवी संगठन रोटरी सहित कई नामचीन संस्थाओं के पदाधिकारी रहे अमरेंद्र सिंह और उनके रिश्तेदार शंभूनाथ सिंह के रूप में की गई है। खबर है कि गोदरेज शोरूम मालिक की हत्या से पहले 3 लोग रेकी कर रहे थे। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि अमरेंद्र सिंह व उनके रिश्तेदार शंभूनाथ सिंह एक ही मोटर साइकिल से छपरा शहर स्थित गोदरेज शोरूम से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के साढ़ा ढाला के पास पहले से घात लगाए हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और सिर व सीने में नजदीक से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। अचानक हुई इस गोली-बारी में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। डबल मर्डर की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन—फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सारण के एसएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर लगे CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि बदमाशों का सुराग मिल सके। हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है लेकिन अनुमान है कि घटना आपसी रंजिश या जमीन कारोबार से जुड़ा हो सकता है। अमरेंद्र सिंह (45) मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उमा नगर के रहने वाले थे। वहीं, दूसरे मृतक शंभू नाथ सिंह इसुआपुर इलाके के निवासी थे। दोनों ही व्यवसायी थे और शहर में उनकी अच्छी पहचान थी। पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की टीमें अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।