बक्सर के राजपुर में आज शनिवार की सुबह अपराधियों ने एक ही परिवार के पांच लोगों को भून डाला। इसमें से तीन सगे भाइयों की मौत हो गई जबकि दो लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर है कि एक अन्य घायल मंटू यादव की भी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना को गिट्टी—बालू व्यवसाय के विवाद में अंजाम दिये जाने की बात कही जा रही है। बताया गया कि राजपुर थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव में इस सनसनीखेज वारदात के बाद तनाव फैल गया है। ग्रामीणों और परिजनों ने घटना के विरोध में जमकर बवाल किया और सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करने की कोशिश में लग गई। मृतकों की पहचान विनोद सिंह यादव, सुनील सिंह यादव और वीरेंद्र सिंह यादव के रूप में की गई है। चौथे मृतक का नाम मंटू यादव बताया जाता है।
गिट्टी-बालू व्यवसाय में हुआ विवाद बना हत्या का कारण
मिली जानकारी के अनुसार राजपुर के अहियापुर गांव के विनोद सिंह यादव और सुनील सिंह यादव का बीते दिन गांव के ही कुछ लोगों से गिट्टी-बालू के व्यवसाय को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद आज सुबह लगभग पांच बजे नहर के पास तीनों टहल रहे थे। इसी बीच कार से कुछ अपराधी आए और गोलीबारी करने लगे। इसमें पहले तीनों भाइयों को गोली मारी गई, फिर उन्हें बचाने आए परिवार के दो अन्य लोगों को भी गोली मार दी गई। गोली लगते ही विनोद सिंह यादव और सुनील सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वीरेंद्र सिंह यादव ने बाद में अस्पताल ले जाने के रास्ते में दम तोड़ दिया। वारदात में घायल दो अन्य लोगों को कोचस में एक अस्पताल ले जाया गया जहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें बनारस रेफर किया गया है।
एक अन्य घायल पुंज सिंह यादव की हालत काफी गंभीर बताई जाती है। घटना के बाद अहियापुर गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण सहमे हुए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह पूर्व से चली आ रही दुश्मनी का परिणाम है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी शुभम आर्य और सदर एसडीपीओ धीरज कुमार भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने कहा कि सूचना मिली कि दो गाड़ियों से अपराधी आए थे। इन लोगों ने ही वारदात को अंजाम दिया है। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई। एसडीपीओ को निर्देश दिया गया है कि विशेष टीम का गठन कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तार करें।