नवादा : उग्रवाद प्रभावित कौआकोल प्रखंड अंतर्गत रूपौ थाना क्षेत्र के पांडेयगंगौट गांव निवासी भारतीय आर्मी में कार्यरत जवान 27 वर्षीय मनीष कुमार के बुधवार की सुबह ड्यूटी के दौरान शहीद हो जाने की खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। शहीद जवान के सम्मान में हर किसी की आंखें नम है। शहीद जवान के गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मनीष की शहादत की खबर के बाद से गांव में पिछले दो दिनों से किसी घर में चूल्हा तक नहीं जला है। लोगों को उनके पार्थिव शरीर के आने का बेसब्री से इंतजार है।
शहीद के बलिदान होने की खबर के बाद शोक की गहराई ने हर किसी को भावविभोर कर रख दिया है। शहीद मनीष की पत्नी खुशबू कुमारी जिनकी शादी महज दो महीने पहले हुई थी, सदमे में बार-बार बेहोश होती रहीं। उनके पिता अशोक एवं माता सुशीला की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा है। उनके परिवार को संभालना मुश्किल हो रहा है। शहीद जवान के घर लोगों के आने -जाने एवं परिजनों से मिलकर सांत्वना जताने का सिलसिला लगातार जारी है। हर कोई शहीद जवान के परिजनों से मिलकर उन्हें हिम्मत एवं ढांढस बंधा रहे हैं तथा शहीद जवान मनीष के शहादत पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
सेना से प्राप्त जानकारी के अनुसार शहीद जवान मनीष कुमार एमएच कारगिल के आर्मी मेडिकल कोर में पदस्थापित थें, जहां 14 मई 2025 की सुबह 7.15 बजे जम्मू कश्मीर में चल रहे ऑपरेशन रक्षक के दौरान वे ड्यूटी पर अचानक बेहोश हो गए। बेहोशी की हालत में उन्हें अस्पताल के आकस्मिक वार्ड में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार शहीद जवान मनीष के पार्थिव शरीर को गुरुवार को सड़क मार्ग से कारगिल से लेह भेजा गया है। लेह में गुरुवार की रात्रि पार्थिव शरीर का ठहराव होगा। इसके बाद 16 मई शुक्रवार को लेह से 12 बजे दोपहर दिल्ली लाया जाएगा। उसके बाद पार्थिव शरीर को वहां से पटना भेजा जाएगा। सम्मान के बाद शुक्रवार की रात्रि तक शव को गांव लाया जाएगा, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ड्यूटी के दौरान जम्मू कश्मीर के कारगिल में शहीद हुये जिला के लाल व कौआकोल प्रखंड के पांडेयगंगौट गांव निवासी अशोक राम के पुत्र मनीष कुमार के बलिदान पर पूरा जिला शोक में डूबा है। वहीं मृतक जवान के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना भी राज्यभर के नेताओं एवं अन्य समाजसेवियों व ग्रामीणों द्वारा दी जा रही है। इससे पहले सूबे के नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शहीद मनीष के निधन पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दुःख जताते हुए कहा कि हमें उनकी शहादत पर गर्व है। इसके बाद उन्होंने वीडियो कॉल कर शहीद जवान मनीष के पिता अशोक राम से बात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा कहा कि दुःख की इस महाघड़ी में पूरा राजद परिवार उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने स्थानीय विधायक मो कामरान को पार्टी की ओर से अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया। दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से शहीद सेना के जवान मनीष के निधन पर गहरा शोक जताया है।
स्थानीय विधायक मो कामरान, गोविंदपुर एवं नवादा के पूर्व विधायक कौशल यादव, पूर्व विधायक पूर्णिमा यादव, सांसद विवेक ठाकुर, राजद जिलाध्यक्ष उदय कुमार यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल मेहता, जदयू जिलाध्यक्ष मुकेश विद्यार्थी, राजद प्रखंड अध्यक्ष कैलाश यादव, जदयू प्रखंड अध्यक्ष दिलीप कुशवाहा, जिला पार्षद अजित यादव तथा योग गुरु योगी त्यागनाथ समेत अन्य नेताओं, समाजसेवियों एवं बुद्धजीवियों ने भी शहीद जवान मनीष के निधन पर गहरा शोक जताते हुए उनके आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना किया। लोगों ने कहा कि उनकी सेवा और बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा।
शोक सभा का आयोजन कर प्रखंड प्रशासन ने दी श्रद्धांजलि:- जम्मू कश्मीर के कारगिल में ड्यूटी के दौरान अपने कर्तव्य पथ पर शहीद हुए भारतीय सेना के जवान व कौआकोल प्रखंड के लाल मनीष कुमार की मौत पर प्रखंड प्रशासन ने भी गहरा शोक जताया है। गुरुवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में बीडीओ डॉ अखिलेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शोक सभा में लोगों ने शहीद जवान की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रख ईश्वर से प्रार्थना किया। मौके पर मौजूद प्रखंड के अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद जवान मनीष के शहादत पर गर्व जताया तथा कहा कि देश उनकी कुर्बानियों को हमेशा याद रखेगा।
भईया जी की रिपोर्ट