समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर हकीमाबाद पंचायत में बीती देर रात एक भीषण अग्निकांड में बुजुर्ग दंपती की जलकर मौत हो गई। मरने वालों की पहचान लखन सहनी (70) और उनकी पत्नी पूरनी देवी (65) के रूप में हुई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक दंपती के पुत्र तेजू सहनी ने हादसे को महज दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश के तहत की गई हत्या बताया है।
दंपती के पुत्र का कहना है कि उसके पिता राजमिस्त्री का कार्य करते थे और सड़क किनारे अलग मकान में रहते थे। करीब 1:40 बजे अचानक शोर मचा कि उनके पिता के घर में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थी कि कोई अंदर नहीं जा सका। दमकल विभाग को सूचना दी गई और टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग पर काबू पाया गया और घर के अंदर से शव निकाले गए। देखा गया कि मृतक लखन सहनी के हाथ में ‘खंती’ था। इससे यह संकेत मिलता है कि उन्होंने दरवाजा तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
तेजू सहनी ने बताया कि आशंका है कि किसी ने साजिश रचकर इस वारदात को अंजाम दिया है। जबकि पिताजी की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। किसने इस वारदात को अंजाम दिया, यह जांच का विषय है। पंचायत के मुखिया सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें भी रात 1:40 बजे घटना की सूचना मिली थी। ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में जुट गए। लेकिन, सफलता नहीं मिली। दमकल टीम ने बाद में आग पर काबू पाया। मुखिया ने भी आशंका जताई कि यदि यह घटना साजिशन हुई।