पटना : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बिहार कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही खुद राहुल गांधी की भी सक्रियता बढ़ गई है। पिछले तीन महीने के अंदर राहुल गाँधी तीसरी बार 7 अप्रैल को पटना आकर गाँधी मैदान स्थित श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन में शामिल होकर कार्यकर्त्ता और बिहार के लोगों को सम्बोधित करेंगे। इसको लेकर पार्टी की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
दरअसल, कांग्रेस के प्रभारी सचिव सुशील कुमार पासी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 7 अप्रैल को पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेने आ रहे हैं। बता दें कि इस पहले राहुल गाँधी 18 जनवरी को पटना में संविधान सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित किया था। उसके बाद 5 फरवरी को जगलाल चौधरी के जयंती समारोह में भी हिस्सा लिया था। हालांकि, इस दौरान वो महागठबंधन घटक के साथी लालू यादव और उनके परिवार से मिले बिना ही दिल्ली लौट गए थे।
बता दें कि इस बार कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को एकजुट करने के लिए एक महीने तक अभियान चलाएगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी समर्थकों के घर जाकर पार्टी का झंडा लगाएंगे। शुक्रवार को इस अभियान की शुरुआत हो गई है। इसके बारे में खुद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार राम ने सदाकत आश्रम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस जानकारी दी है। साथ ही उन्होंने वक्फ संशोधन अधिनियम पर पार्टी की ओर से कहा कि कांग्रेस इसका विरोध कर रही है और करती रहेगी।