नवादा : सदर अस्पताल में मरीजों की शिकायत पर सिविल सर्जन डॉक्टर नीता अग्रवाल सुबह 8:40 बजे एका-एक सदर अस्पताल का जायजा लेने पहुंची, इस दौरान उन्हें ओपीडी के टाइम में एक भी डॉक्टर अपने चेंबर में नहीं थे। कई नर्सिंग स्टाफ और कर्मी भी ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिले। लापरवाही कि यह तस्वीर देखकर सिविल सर्जन डॉ नीता अग्रवाल काफी नाराज हुईं और सभी कर्मियों को फोन पर ही सुनाने लगी। इससे खफा होकर उन्होंने सभी को नोटिस जारी करने का आदेश दिया है।
डॉ नीता अग्रवाल ने सभी ओपीडी की वीडियोग्राफी की
जानकारी के अनुसार सिविल सर्जन के निरीक्षण के दौरान महिला, शिशु, चर्म, हड्डी, जनरल मेडिसिन, आयुष, दंत समेत अन्य विभागों के डॉक्टर ड्यूटी पर उपलब्ध नहीं थे। यहां तक कि अस्पताल के उपाधीक्षक और मैनेजर भी ड्यूटी से गायब थे। इसके बाद सिविल सर्जन डॉ नीता अग्रवाल ने सभी ओपीडी की वीडियोग्राफी की और खुद कमान संभाली। इमरजेंसी में केवल एक डॉक्टर मुकेश ड्यूटी पर मिले जो ओपीडी के साथ-साथ इमरजेंसी की कमान संभाल रहे थे। एक मरीज की शिकायत के बाद डॉ नीता अग्रवाल ने यह छापेमारी की।
8:00 बजे से ड्यूटी 9:30 तक भी नहीं पहुंचे एक भी डॉक्टर
मरीज की शिकायत पर सिविल सर्जन डॉ नीता अग्रवाल अस्पताल पहुंची और सबसे पहले इमरजेंसी की कमान संभाली, जबकि ओपीडी में सुबह 8:00 बजे से ही डॉक्टर की ड्यूटी होती है। मगर 9:30 बजे तक एक भी डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं आए, जिससे खफा होकर सीएस ने सभी का एक दिन का वेतन काट लिया और सभी को नोटिस जारी करने का आदेश दिया। व्यवस्था को देखकर सिविल सर्जन काफी नाराज हुईं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों की फोन पर क्लास लेने लगी।
भईया जी की रिपोर्ट